सफलता का मतलब है…. अमीरी – शानदार घर, मजेदार छुट्टियां, यात्रा, नई चीजें, आर्थिक सुरक्षा, अपने बच्चों को ज्यादा से ज्यादा खुशाली देना। सफलता का मतलब है प्रशंसा का पात्र बनना, लीडर बनना, अपने बिजनेस और सामाजिक जीवन में सम्मान पाना। सफलता का मतलब है आजादी – चिंताओं, डर कुंठाओं और असफलता से आजादी। सफलता का मतलब है आत्म – सम्मान, जिंदगी का असली सुख और जीवन में संतुष्टि, जो लोग आप पर निर्भर है उनके लिए अधिक से अधिक करने की क्षमता।
सफलता – उपलब्धि – मनुष्य के जीवन का लक्ष्य है।
यकीन कीजिए, सचमुच यकीन कीजिए कि आप पहाड़ हिला सकते हैं, और आप वाकई ऐसा कर सकते हैं। ज्यादातर लोगों को यह यकीन ही नहीं होता कि उनमें पहाड़ हिलाने की क्षमता है। इसका परिणाम यह होता है कि वह ऐसा कभी नहीं कर पाते।
‘मुझे विश्वास है कि मैं यह कर सकता हूं’ वाला रवैया हमें वह शक्ति, योग्यता और ऊर्जा देता है जिसके सहारे हम वह काम कर पाते हैं। जब आपको यकीन होता है कि आप कोई काम कर सकते हैं, तो आपको अपने आप पता चल जाता है कि इसे कैसे किया जा सकता है।
जिस आदमी को विश्वास होता है कि वह काम कर लेगा, उसे हमेशा उस काम को करने का तरीका सूझ जाता है।
विश्वास, दृढ़ विश्वास, मस्तिष्क को प्रेरित करता है कि वह लक्ष्य को प्राप्त करने के तरीके, साथन और उपाय खोजे। और अगर आप यकीन कर ले कि आप सफल हो सकते हैं, तो इससे दूसरे भी आप पर विश्वास करने लगते हैं।
अविश्वास नकारात्मक शक्ति है। जब मस्तिष्क किसी बात पर अविश्वास करता है या किसी बात पर संदेह करता है तो मस्तिष्क ऐसे ‘कारणों‘ को खोज लेता है जिससे उस अविश्वास को बल मिले। ज्यादातर असफलताओं के लिए जिम्मेदार है : शंका, अविश्वास, असफल होने की अवचेतन इच्छा, सफल होने की सच्ची इच्छा ना होना।
शंका कीजिए और असफल हो जाइए।
जीत के बारे में सोचिए और सफल हो जाइए।
कोई भी आदमी वैसा ही होता है जैसा कि उसके विचार होते हैं।
सफलता की बात सोचें, अपने आपको बार-बार याद दिलाइये कि आप जीतना चाहते हैं, बड़ी सोच में विश्वास रखें।